फायर करने पर हैड कांस्टेबल निलंबित, लंगेरा चैक पोस्ट में तैनात पुलिस कर्मी पर कार्रवाई

Spread the love

चम्बा, ओमांश: जम्मू-कश्मीर-हिमाचल प्रदेश की अंतरराज्जीय सीमा पर स्थित लंगेरा चैक पोस्ट पर तैनात आईआरबीएन -प्रथम वाहिनी के हैड कांस्टेबल को बिना अनुमित फायर करने पर निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारी का हैडक्वार्टर बनगढ़ जिला ऊना तय किया है। जानकारी के अनुसार लंगेरा चैक पोस्ट से दो किलोमीटर दूर जंगल में रविवार रात को अचानक आग लग गई। इसकी लपटें चैक पोस्ट तक पहुंचने से इंचार्ज ने तुरंत पुलिस थाना किहार को सूचना दी। इस पर पुलिस थाना प्रभारी ने दमकल विभाग की चैक पोस्ट सलूणी को सूचित कर मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के निर्देश दिए। सूचना पाते ही दमकल विभाग के कर्मी वाहन सहित मौके को रवाना हुए। इसी बीच वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।इन दोनों टीमों ने जंगल की बेकाबू आग पर काबू पाने के प्रयास आरंभ कर दिए। इसी बीच लंगेरा चैक पोस्ट के तीन पुलिस जवान अपनी निजी गाड़ी में सवार होकर अग्निकांड स्थल पर पहुंचे। जैसे ही आगे से दमकल विभाग की गाड़ी आती देखी तो मुख्य आरक्षी ने बंदूक से फायर कर दिया। बंदूक की गोली ने दमकल की गाड़ी को भेद दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना की सूचना दमकल विभाग की टीम ने इंचार्ज पवन राणा को दी। सूचना मिलते ही पवन राणा ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस थाना किहार को दी। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरंभिक जांच के आधार कमाडेंट बनगढ़ ने हैड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *