चलौंठी में छह मंजिला मकान में पड़ी दरारें, आधी रात करवाया खाली; कड़ाके की ठंड में सड़क पर 15 परिवार

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: भट्ठाकुफर के बाद अब राजधानी के चलौंठी में छह मंजिला मकान में दरारें पड़ने के बाद इसे खाली करवा दिया गया है। शुक्रवार देर रात करीब 10:00 बजे मकान में रहने वाले 15 परिवारों को कड़ाके की ठंड के बीच अचानक मकान खाली करना पड़ गया।इस मकान की दीवारों पर दरारें पड़ गई है। ढली संजौली बाईपास सड़क पर भी दरारें पड़ गई है। इसे भी वाहनों की आवाजाही के लिए देर रात ही बंद कर दिया गया है। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। सूचना मिलते ही एडीएम पंकज शर्मा रात 11 बजे मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार चलौंठी बाईपास पर बना यह छह मंजिला मकान अनंतराम का है। इसमें मकान मालिक समेत कुल 15 परिवार रह रहे हैं।

मकान में रह रहे किराएदारों के अनुसार तीन दिन पहले अचानक मकान की दीवार पर हल्की दरारे पड़नी शुरू हुई। इस मकान के ठीक नीचे फोरलेन की टनल का निर्माण हो रहा है। लोगों ने इसकी शिकायत फोरलेन का निर्माण कर रही कंपनी और जिला प्रशासन को दी। कंपनी के कर्मचारी मौके पर आए और उन्होंने दरारे देखने के बाद दावा किया कि भवन को फिलहाल कोई खतरा नहीं है।शुक्रवार को अचानक दीवार पर पड़ी दरारें और बढ़ गई। इसके बाद फोरलेन कंपनी के कर्मचारियों और पुलिस ने तुरंत इस मकान को खाली करने को कह दिया। रात 11:00 बजे तक मकान में रह रहे परिवार अपने बच्चों बुजुर्गों के साथ सड़क पर आ गए।

लोगों का गुस्सा पुलिस और प्रशासन पर फूट पड़ा। कहा कि तीन दिन पहले इस खतरे के बारे में बता दिया था लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। कहा कि टनल निर्माण के चलते उनके मकान को खतरा पैदा हो गया है। यह काफी बड़ा रिहायशी इलाका है और कई मकान बने हुए हैं। टनल निर्माण से हो रही कंपन से अब अन्य मकानों को भी खतरा पैदा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *