शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड दर्ज की जा रही है। बीते दिन चंबा और लाहाैल-स्पीति की चोटियों पर बर्फबारी हुई। वहीं सोमवार शाम को अटल टनल क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हुई। बर्फबारी से सड़क की हालत दोपहिया और सामान्य गाड़ियों के चलने के लिए अच्छी नहीं है। इसलिए पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलंग बैरियर से अटल टनल की ओर गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। राज्य में 20 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। इनमें पांच स्थानों पर यह माइनस में है। सोलन का न्यूनतम तापमान भी माइनस में दर्ज किया गया है। शिमला का रात का पारा भी लगातार गिर रहा है।
लाहौल-स्पीति के ताबो में रात का तापमान इस सीजन में पहली बार माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। कुकुमसेरी में माइनस 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के पूह में स्थित नाको झील ठंड से जम गई है। पर्यटक झील पर स्केटिंग का आनंद ले रहे हैं। मैदानी राज्यों में घने कोहरे के कारण रविवार को वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से ऊना आधा घंटा देरी से पहुंची। हिमाचल के मैदानी इलाकों में भी सुबह-शाम कोहरे का असर देखा गया। कालाअंब, पांवटा साहिब और नाहन क्षेत्र सुबह के समय कोहरे की चपेट में रहे। जिला कांगड़ा में सुबह धुंध छाई रही। सुंदरनगर में घना, मंडी में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 11 जनवरी तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन व सिरमाैर जिले के कुछ भागों में लगातार 9 जनवरी तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया। सोमवार को राजधानी शिमला व अन्य भागों में धूप खिली रही। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान राज्य में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में ऊंची चोटियों को छोड़कर अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। मध्य पहाड़ी भागों में अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
