शिमला, सुरेन्द्र राणा: प्रदेश पंचायत चौकीदार यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की है। यूनियन ने आरोप लगाया कि जहां प्रदेश के अन्य विभागों में 1 अप्रैल 2025 से दैनिक भोगी कर्मचारियों की अधिसूचना लागू हो चुकी है, वहीं पंचायत चौकीदारों को इससे अब तक वंचित रखा गया है, जो उनके साथ भेदभाव है। यूनियन ने दो टूक कहा कि मांगों को लेकर वे पीछे नहीं हटेंगे और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस संबंध में पंचायती राज विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पंचायत चौकीदार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम वर्धन ने कहा कि अन्य विभागों को जब 1 अप्रैल 2025 से अधिसूचना का लाभ दिया जा चुका है, तो पंचायत चौकीदारों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ने एक बार फिर आश्वासन दिया है, लेकिन यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो पंचायत चौकीदार आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
