कंडक्टर ने सब-इंस्पेक्टर को जड़ा थप्पड़, हमीरपुर में बस चैकिंग के दौरान बहसबाजी

Spread the love

हमीरपुर, उमांशी: बसों की चैकिंग के दौरान फ्लाइंग टीम व कंडक्टरों के आपस में उलझने के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन गुरुवार को बिलासपुर डिपो की बस की हमीरपुर में हो रही चैकिंग के दौरान जो हुआ, वह चौंकाने वाला था। बताते हैं कि चैकिंग के दौरान मामला इतना बिगड़ा कि कंडक्टर ने चैकिंग कर रहे फ्लाइंग टीम के सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ दिया। बाद में सब-इंस्पेक्टर ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया, तो कंडक्टर ने भी अपने सीनियर के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। उधर, मामला संज्ञान में आने के बाद एचआरटीसी डिपो बिलासपुर के डीडीएम ने कंडक्टर को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला गुरुवार सुबह उस वक्त का है, जब बिलासपुर से धर्मशाला जा रही बस सुबह करीब पौने नौ बजे दोसडक़ा में रुकी, तो एचआरटीसी हमीरपुर डिवीजन की फ्लाइंग स्क्वायर्ड के सब-इंस्पेक्टर सुरेश कुमार भी बस में चढ़ गए और यात्रियों के टिकट चैक करने लगे, इतने में एक महिला यात्री बिना टिकट पकड़ी गई, जो कि पट्टा से सफर करेक आ रही थी।

सब-इंस्पेक्टर ने कंडक्टर कर्ण कुमार से पे-बिल मांगा, तो वह आना-कानी करने लगा। वहीं फ्लाइंग के सब-इंस्पेक्टर ने बस चालक से लॉग बुक मांग ली, जिसे कंडक्टर ने ड्राइवर से छीन लिया, लेकिन ड्राइवर ने इसे कंडक्टर से छिनकर सब-इंस्पेक्टर को सौंप दिया। जैसे ही सब इंस्पेक्टर लॉग बुक पर लिखने लगा, तो कंडक्टर ने सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ दिया और हाथापाई शुरू कर दी और मौके से फरार हो गया। उधर, राजकुमार पाठक, डीएम एचआरटीसी हमीरपुर डिवीजन ने बताया कि कंडक्टर के खिलाफ रिपोर्ट तैयार की जा रही है और अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *