शिमला, सुरेन्द्र राणा:
दिसम्बर महीने की 8 तारीख बीत जाने के बाद भी हिमाचल पथ परिवहन निगम के ड्राइवर और कंडक्टरो को वेतन नहीं मिला है। एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मानसिंह ने कहा कि एचआरटीसी ड्राइवर और कंडक्टर को अब हर महीने वेतन पाने के लिए प्रशासन से मीटिंग और प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।HRTC कर्मचारियों के पेंडिंग भत्ते और ओवर टाइम का करोड़ रूपया सरकार के पास लंबित है अब वेतन के भी लाले पड़े हैं।
मान सिंह ने बताया कि ड्राइवर कंडक्टर जैसी छोटी नौकरी करने वाले हजारों लोग हर महीने एक से दो हफ्ते तक देरी से वेतन पा रहे हैं जिससे उनके पारिवारिक खर्च और देनदारियां बढ़ रही है।एचआरटीसी प्रबंधन और मुख्यमंत्री से बार-बार मांगे उठाई गई है लेकिन आश्वासनों के बावजूद पेंडिंग देनदारियां नहीं मिल पाई है और अब वेतन पर भी संकट मंडराने लगा है।
एचआरटीसी के पेंशनरों को इससे भी अधिक समय तक यानी महीने के आखिरी सप्ताह तक पेंशन का इंतजार करना पड़ रहा है।यूनियन के अध्यक्ष ने कहा कि यदि हिमाचल पथ परिवहन निगम घाटे से नहीं उभर पा रहा है तो सरकार को इसे बंद कर देना चाहिए ताकि हजारों की संख्या में ड्राइवर कंडक्टर अपने जिंदगी के लिए कोई अन्य रोजगार तो ढूंढ पाए।यूनियन ने सरकार को इस समस्या का जल्द निदान करने और पहली तारीख को समय पर सैलरी और पेंशन देने की मांग की है। यदि सरकार इसे नियमित नहीं करती है तो यूनियन को आने वाले समय में बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
