4 दिसंबर से मौसम लेगा करवट बारिश बर्फबारी की संभावना

Spread the love

शिमला, ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश में ठंड बढ़ रही है। कई पर्वतीय क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे चला गया है। निचले इलाकों में कोहरा पड़ रहा है। शनिवार रात को भी प्रदेश के सभी जिलों में तापमान नौ डिग्री से कम रहा। इसी बीच, मौसम विभाग ने प्रदेश के निचले क्षेत्रों में दो दिसंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। तीन दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन चार और पांच को बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। उधर, मैदानी इलाकों में घने कोहरे के चलते कालका से सभी ट्रेनें देरी से शिमला पहुंचीं। शिमला समेत पूरे प्रदेश में रविवार को मौसम साफ रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उच्च और मध्य पर्वतीय आठ जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहुल-स्पीति में मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। चार दिसंबर को उच्च पर्वतीय इलाकों और पांच दिसंबर को मध्य और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान तापमान और गिरने के आसार हैं। दो दिसंबर तक भाखड़ा डैम (बिलासपुर) के जलाशय क्षेत्र और बल्ह घाटी (मंडी) के कुछ हिस्सों में सुबह एवं रात के समय घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट है। ठंड बढऩे के साथ ही उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है।

प्रदेश में कहां, कितना तापमान दर्ज

कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.8, कल्पा में 0.4, सेऊबाग में 0.5, मनाली में 1.9, शिमला-धर्मशाला में 7.0, सुंदरनगर में 3.2, भुंतर में 1.0, ऊना में 6.7, कांगड़ा में 5.3, मंडी में 4.6, बिलासपुर में 6.5, हमीरपुर में 4.6, नारकंडा में 5.6, बरठीं में 3.3, कसौली में 8.4 और सराहन में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *