धर्मशाला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से धर्मशाला के तपोवन में शुरू होने जा रहा है सत्र से पहले भाजपा ने विधायक दल की बैठक कर सरकार को विभिन्न मुद्दों को लेकर गिरने की रणनीति तैयार की है। सत्र की शुरुआत बिलासपुर सदर से पूर्व विधायक बाबू राम गौतम के शोकोद्गार के साथ होगी।सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत सत्तापक्ष और विपक्ष के कई विधायक अपनी बात रखकर बाबू राम गौतम को श्रद्धांजलि देंगे।शोकोद्गार के बाद प्रश्नकाल शुरू होगा। इसके बाद, सदन में राष्ट्रपति और राज्यपाल द्वारा मंजूर विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश नगर निगम (संशोधन) अध्यादेश 2025 को पेश करेंगे। सदन में बीजेपी विधायक विपिन सिंह परमार होली उतराला सड़क को नेशनल हाईवे घोषित करने की मांग करेंगे।इसके पश्चात विभिन्न प्रकार के सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को मिलने वाली अनुदान राशि बढ़ाने से जुड़ा प्रस्ताव सदन में रखेंगे। सदन की कार्यवाही के आखिर में हिमाचल में आपदा प्रभावितों को आ रही मुश्किलों और प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर चर्चा होगी। यह चर्चा कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया और बीजेपी एमएलए राकेश जम्वाल ने मांगी है।इसी तरह, त्रिलोक जम्वाल ने प्रदेश में बढ़ रहे आपराधिक मामलों और नशे के बढ़ते नेटवर्क को लेकर भी चर्चा मांग रखी है।इसी विंटर सेशन के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) का चुनाव भी हो सकता है, क्योंकि पूर्व डिप्टी स्पीकर विनय सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह नए डिप्टी स्पीकर का चुनाव होना है।
