पंजाब, सुरेन्द्र राणा: मौजूदा सरकार ने पिछले साढ़े तीन साल से पंजाब के डिवेलपमेंट पर ब्रेक लगा दिया है। सरकार की कमजोर पॉलिसी की वजह से पंजाब आर्थिक रूप से पिछड़ गया है। जब भी झाडू पार्टी का कोई नुमाइंदा आपके पास वोट मांगने आए तो आप उससे पिछले 45 महीने से बकाया 45000 रुपए के बारे में ज़रूर पूछें, क्योंकि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने हर महिला को 1000 रुपए महीने पेंशन देने का वादा किया था। ये विचार डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के सीनियर भाजपा नेता गुरुदर्शन सिंह सैनी ने रविवार को डेराबस्सी से महिलाओं का विशाल एक जत्था चंडीगढ़ के लिए रवाना करते हुए व्यक्त किए। महिला मोर्चा पंजाब की अध्यक्ष बीबी जय इंद्र कौर के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने मान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की। इस मौके महिलाओं ने नारे लिखी तख्तियां भी ले रखी थीं। सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा घोषित पेंशन का यह वादा पूरा न करने के कारण पंजाब सरकार की ओर प्रति महिला 45 हजार रुपए बकाया हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को महिलाओं को यह रकम देने के लिए तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि 2027 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में बनने वाली सरकार महिलाओं को पूरा मान-सम्मान देगी। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में कानून और आर्थिक व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। हमारे बच्चे अपने परिवार को छोडक़र विदेश जा रहे हैं। इस समय बच्चों और देश का भविष्य खतरे में है और इसे ठीक करने के लिए भाजपा को पंजाब की जिम्मेदारी देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों से झूठे वादे करके सत्ता में आई थी, लेकिन इस सरकार ने साढ़े तीन साल में पूरे पंजाब का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल इस बात का साफ सबूत है कि कैसे लोगों को ध्यान में रखकर सरकार चलाई जाती है।
