शिमला, सुरेन्द्र राणा: विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए कांगड़ा जिला प्रशासन ने तैयारियां युद्ध स्तर पर चलाई हुई हैं। सत्र के दौरान 1100 पुलिस अधिकारी व जवान तैनात होंगे। धर्मशाला के तपोवन में 26 नवंबर से पांच दिसंबर तक आयोजित होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए उचित प्रबंध व कानून व्यवस्था बनाई जा रही है। इसके लिए सोमवार को राज्य भर व बटालियनों से पुलिस अधिकारी व जवान धर्मशाला में पहुंच जाएंगे। इसके साथ ही सोमवार शाम को ड्यूटियों को लेकर पुलिस मैदान में ब्रीफिंग भी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके की चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए कड़ी निगरानी भी शुरू कर दी है। धर्मशाला के तपोवन में बुधवार 26 नवंबर से पांच दिसंबर तक चलने वाले विधानसभा सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालने के लिए 1100 के करीब अधिकारी व पुलिस जवान मंगलवार से तैनात हो जाएंगे।
धर्मशाला से तपोवन व जन प्रतिनिधियों के रहने वाले स्थानों सहित कुल 10 सेक्टरों में धर्मशाला को विभाजित किया गया है, जिनमें पुलिस का सख्त पहरा रहेगा। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एएसपी बीर बहादुर सिंह ने आम जनता से अपील की है कि वे पहले की तरह प्रशासन का सहयोग करें।ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे करेंगे कोने-कोने की निगरानीजिला पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन व सीसीटीवी के माध्यम से की जाएगी। एसपी ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान यदि कोई संगठन अपनी बात रखने, प्रदर्शन करने या ज्ञापन सौंपने की योजना बनाता है, तो उनके लिए जोरावर स्टेडियम में विशेष व्यवस्था की गई है, वहां से डेलिगेट्स को पुलिस की निगरानी में विधानसभा परिसर ले जाया जाएगा। जो लोग विधानसभा की कार्यवाही लाइव देखना चाहते हैं, उनके लिए विधानसभा परिसर के बाहर विशेष स्क्रीनिंग व्यवस्था की गई है।
