कौन हैं विनय कुमार? जो बने हिमाचल कांग्रेस के नए अध्यक्ष, ये भी थे रेस में

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष विनय कुमार बनाए गए हैं। पार्टी आलाकमान ने लंबे मंथन के बाद अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले विनय कुमार के नाम पर मोहर लगाई है। शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विनय को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष बनाने के आदेश जारी किए। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी सूचना साझा की। इससे पहले ही विनय कुमार ने शनिवार को विधानसभा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने मंजूर भी कर लिया। विनय शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत सिरमौर में आने वाली आरक्षित विधानसभा सीट रेणुका से विधायक हैं। एक साल से हिमाचल में कांग्रेस संगठन भंग चल रहा है। प्रतिभा सिंह का बतौर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पिछले वर्ष नवंबर में तीन साल का कार्यकाल पूरा हो गया था। उसके बाद से उन्हें कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हाईकमान के पास नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति पर पिछले लंबे समय से मंथन चल रहा था। आगामी दिनों में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनाव हैं। उससे पहले कांग्रेस हाईकमान का यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस हाईकमान ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्षित कर भी अनुसूचित जाति के वोट बैंक को साधने के लिए विनय को अध्यक्ष बनाया है। राज्य में राजपूतों के बाद अनुसूचित जाति की जनसंख्या सबसे अधिक है।

शिमला संसदीय क्षेत्र से संबंध रखने वाले पांच कांग्रेस नेता अध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे थे। विनय कुमार के अलावा शिक्षा मंत्री राेहित ठाकुर, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर, कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और अर्की के विधायक संजय अवस्थी दौड़ में रहे हैं।पूरी निष्ठा से निभाऊंगा जिम्मेदारीविनय कुमार ने कहा कि पिता से विरासत में मिली राजनीति का उन्हें पूरा-पूरा लाभ मिला है। उनके पिता स्व. डॉ प्रेम सिंह भी छह बार विधायक बनकर रेणुका विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्हें कांग्रेस का कट्टर व ईमानदार सिपाही माना जाता था। विनय ने अध्यक्ष बनाने के लिए हाई कमान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है वह बखूबी निर्वहन करेंगे। पार्टी संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *