आदर्श नगर सेवाकेंद्र में ब्रह्माकुमारी कृष्णा दीदी जी की पुण्य स्मृति में “प्रेरणा दिवस” मनाया गया

Spread the love

जालंधर, सुरेन्द्र राणा: आदर्श नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र में जालंधर सब-ज़ोन की पूर्व मुख्य संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी कृष्णा दीदी जी के चौथे पुण्य स्मृति दिवस को “प्रेरणा दिवस” के रूप में श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाया गया। इस अवसर का मुख्य विषय था — “राजयोग द्वारा परमात्म अनुभूति।”कार्यक्रम में जालंधर सब-ज़ोन के सभी भाई-बहनें उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों में पंजाब ज़ोन की ज़ोनल डायरेक्टर आदरणीय राजयोगिनी प्रेम दीदी जी, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका आदरणीय राजयोगिनी अनीता दीदी जी (डायरेक्टर पंचकुला), ब्रह्माकुमार प्रकाश भाई जी (हेडक्वार्टर माउन्ट आबू) तथा राजयोगी ब्रह्माकुमार रेवा दास भाई जी (डायरेक्टर सुन्नी, शिमला सेवाकेन्द्र) विशेष रूप से उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए अनीता दीदी जी ने कहा कि राजयोग के अभ्यास से मनुष्य अपने भीतर सुख, शांति, प्रेम, पवित्रता, आनंद, ज्ञान और शक्ति का अनुभव कर सकता है। उन्होंने कहा कि आत्मा का पिता केवल परमात्मा ही है, जो स्वयं भी ज्योति बिंदु स्वरूप है। जब हम स्वयं को आत्मा समझ उस परमात्मा पिता को प्रेमपूर्वक याद करते हैं, तभी सच्ची अनुभूति संभव होती है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने निकटतम ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र में जाकर नि:शुल्क राजयोग कोर्स अवश्य करें।प्रेम दीदी जी ने परम आदरणीय कृष्णा दीदी जी के साथ बिताए मधुर पलों को याद करते हुए उनके त्याग, सेवाभाव और नेतृत्व क्षमता का स्मरण किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब ज़ोन की सेवाओं की नींव कृष्णा दीदी जी के परिवार से ही प्रारंभ हुई थी, जो आज विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है।प्रकाश भाई जी ने कहा कि दीदी जी का जीवन त्याग, तपस्या और नि:स्वार्थ सेवा का अद्वितीय उदाहरण था। यदि हम उनके गुणों को अपने जीवन में उतारें, तो यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।रेवा दास भाई जी ने कृष्णा दीदी जी के शांत, सरल और प्रेमपूर्ण व्यक्तित्व की स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में सेवाओं का व्यापक विस्तार किया और अनेक आत्माओं को परमात्म अनुभव से जोड़ा।कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे जिनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सांसद सुशील रिंकू, पूर्व विधायक के.डी. भंडारी व राजिंदर बेरी, पूर्व मेयर जगदीश राजा, दैनिक सवेरा ग्रुप के मुख्य संपादक शीतल विज, श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी के महासचिव राजेश विज, लवली ग्रुप के वाइस चेयरमैन नरेश मित्तल, काउंसलर कविता सेठ, जतिन गुलाटी, राजीव ढींगरा, समाजसेवी प्रदीप खुल्लर, सौरभ सेठ, डॉ. अनिल कालिया और शशि गुप्ता (प्रधान राधा कृष्ण मंदिर) शामिल रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने कृष्णा दीदी जी के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *