दिल्ली से लौटे सीएम सुक्खू, दिवाली के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का एलान संभव

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जारी अटकलों पर जल्द विराम लग सकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दीपावली के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाम का एलान किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार शाम को दिल्ली दौरे के बाद शिमला लौट आए हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान हिमाचल संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों और मंत्रिमंडल विस्तार पर विचार विमर्श किया।

मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में खाली चल रहे एक पद पर नियुक्ति को लेकर भी सुझाव दिए हैं। माना जा रहा है कि दीपावली के बाद संगठन में बदलाव किया जाएगा। इस पद के लिए कई नामों पर मंथन चल रहा है। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान विधायक कुलदीप सिंह राठौर और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर अर्की से विधायक संजय अवस्थी और विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार के नामों की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

दूसरी ओर, पार्टी का एक बड़ा धड़ा प्रतिभा सिंह को दोबारा से कमान सौंपने के पक्ष में है। उनका तर्क है कि 2022 के विधानसभा चुनावों में प्रतिभा सिंह की भूमिका और उनके नेतृत्व में कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती को देखते हुए उन्हें फिर से अध्यक्ष बनाना पार्टी के हित में होगा। रोहित ठाकुर तो अध्यक्ष बनने पर मंत्रीपद छोड़ने का एलान भी कर चुके हैं। ऐसी स्थिति में दो विधायकों की मंत्री के तौर पर लॉटरी लग सकती है। कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, कांगड़ा से संजय रतन और अर्की से संजय अवस्थी का नाम मंत्रीपद की दौड़ में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *