शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन का नीतिश भारद्वाज को अध्यक्ष और प्रशांत शर्मा को महासचिव चुना गया है। गुरुवार को राजधानी शिमला में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। यूनियन में नए लोगो को मौका देने और आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए परिपक्व बनाने को पूर्व अध्यक्ष कामेश्वर दत्त शर्मा और महासचिव हीरालाल वर्मा ने इस बार चुनाव नहीं लड़ा। कर्मचारी यूनियन के पांच पदों के लिए मतदान हुआ। 30 पदों के लिए सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव प्रक्रिया में 861 प्रतिनिधियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कर्मचारी यूनियन की नई कार्यकारिणी का तीन साल के लिए चयन हुआ है। यूनियन के संविधान के तहत दस सदस्यों पर एक प्रतिनिधि फील्ड इकाइयों से चुन कर आते हैं और वह केंद्रीय कार्यकारिणी के चुनाव में भाग लेते हैं।
बुधवार को कर्मचारी यूनियन का शिमला में 18वां राज्य सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सम्मेलन का शुभारंभ किया। वीरवार को सम्मेलन के दूसरे दिन नई कार्यकारिणी चुनने के लिए मतदान हुआ। देर शाम को जारी हुए नतीजों में झाबे राम शर्मा को वरिष्ठ उपप्रधान आपरेशन, सुनील कुमार को वरिष्ठ उपप्रधान ट्रांसमिशन, ललित कुमार को वरिष्ठ उपप्रधान जनरेशन और नंद लाल को वरिष्ठ उपप्रधान सब स्टेशन चुना गया। सचिन चंदेल, दरबारी लाल और लीला चंद को उप प्रधान आपरेशन, चंद्र कांता को उपप्रधान महिला, मुकेश बधान को उपप्रधान जनरेशन, वीरेंद्र ठाकुर को उपप्रधान जेओए लेखा, अशोक कुमार को उपप्रधान सब स्टेशन, प्रकाश चंद को उपप्रधान एमएंडटी, जयवंत शर्मा और विनोद कुमार को उपप्रधान मिनिस्ट्रीयल, मुन्नी लाल ठाकुर को उपप्रधान स्टेनो और कुलदीप चंद को उपप्रधान श्रेणी चार चुना गया।
