अक्तूबर में ही दिसंबर जैसी ठंड, जानिए हिमाचल में आज कैसा रहेगा मौसम

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में दो दिन से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हो रही बारिश के चलते अक्तूबर महीने में ही दिसंबर और जनवरी जैसी शीतलहर का एहसास होने लगा है। मंगलवार को पूरा दिन प्रदेश में बादल बरसते रहे। शिमला में भी पूरा दिन बारिश होती रही, जिससे अब ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान लोगों को बारिश और ठंडी हवाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आठ अक्तूबर को कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार आने की संभावना है और न्यूनतम तापमान अगले तीन से चार दिनों में दो से चार डिग्री तक बढ़ सकता है, वहीं अधिकतम तापमान में भी छह से दस डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।नौ अक्तूबर तक मौसम खराब रहने के बाद 10 से राहत मिलेगी और फिर आगे कोई अलर्ट नहीं है। बता दें कि अक्तूबर के पहले सप्ताह में ही उच्च पर्वतीय क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गए हैं। लाहुल-स्पीति, चंबा, किन्नौर के ऊंचे इलाकों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। शिमला जिला के चांशल पीक पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। चंबा जिला में भारी बारिश और बर्फबारी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। पांगी उपमंडल में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। भरमौर, चुराह की ऊपरी चोटियों में जमकर बर्फबारी हुई है। धर्मशाला में भी त्रियुंड तक बर्फ पहुंच गई है। अक्तूबर में बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। अक्तूबर के पहले सप्ताह में दिसंबर और जनवरी जैसी ठंड महसूस हो रही।रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला दर्रा में दो फुट पश्चिमी

विक्षोभ के चलते लाहुल-स्पीति के रोहतांग दर्रा, बारालाचा व शिंकुला दर्रा में अब तक दो फुट बर्फबारी हो चुकी है। गोंदला में सवा फुट और केलांग में भी एक फुट बर्फ गिर गई है। चंबा के मणिमहेश, कुगती व साचपास में भी एक फुट से अधिक हिमपात हो चुका है। बर्फबारी से पांगी का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। किन्नौर की ऊंची चोटियों पर भी मंगलवार सुबह से बर्फबारी जारी रही। किन्नर कैलाश और छितकुल में तीन इंच से ज्यादा स्नोफॉल दर्ज किया गया है। भारी बर्फबारी के बाद दारचा में 200 से ज्यादा ट्रक सडक़ पर फिसलन बढऩे से फंस गए हैं। शिमला जिला के रोहड़ू के चांशल में भी दो सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *