शिमला, सुरेंद्र राणा। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ (एचपीओए) की वार्षिक आम बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ का अध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर संघ के अगले कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर को सर्वसम्मति से एचपीओए का मुख्य संरक्षक मनोनीत किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष विधायक बलबीर वर्मा, महासचिव राजेश भंडारी, कोषाध्यक्ष अमिताभ शर्मा, उपाध्यक्ष ईश्वर रोहल, उषा बरोवालिया और नरेन्द्र अत्री, जबकि संयुक्त सचिव राज कुमार निट्टू, डॉ. राहुल पठानिया और रमेश चौहान को चुना गया। नई कार्यकारिणी में कुल 17 सदस्य शामिल हैं।
नवनियुक्त अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि राज्यभर में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ किया जाएगा, योग्य प्रशिक्षकों की संख्या बढ़ाई जाएगी और युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए जमीनी स्तर पर भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां इसे उच्च ऊंचाई और धीरज वाले खेलों के लिए एक स्वाभाविक केंद्र बनाती हैं, इसलिए राज्य के खेल विकास एजेंडे में इन खेलों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। अनुराग ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और विश्वास जताया कि नई टीम पारदर्शी, प्रभावी और दूरदर्शी खेल प्रशासन के साथ हिमाचल में खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
