शिमला, सुरेन्द्र राणा: मानसून के बाद हिमाचल में अब पश्चिमी विक्षोभ चार अक्तूबर से सक्रिय होने वाला है। पांच अक्तूबर से इसका असर भी कई जिलों में दिखने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में पांच और छह अक्तूबर को भारी बारिश, ओलावृष्टि और गर्जना के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने सात अक्तूबर तक राज्य में कई क्षेत्रों में बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों में ताबो का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री नीचे रहने की संभावना है। पांच अक्तूबर को प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिला शामिल हैं। इन जिलों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। सात अक्तूबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तूफान का खतरा बना रहेगा।
