एम3एम हुरुन इंडिया ने जारी की भारत की सबसे अमीर हस्तियों की रिच लिस्ट- 2025

Spread the love

दिल्ली: एम3एम हुरुन इंडिया ने बुधवार को भारत की सबसे अमीर हस्तियों की रिच लिस्ट-2025 जारी की है। यह सूची देश के टॉप धनकुबेरों और नए बिजनेसमैन की सफलता को दर्शाती है। इस साल भारत में अरबपतियों की संख्या बढक़र 358 हो गई है, जो अब तक का रिकार्ड है। 68 वर्षीय मुकेश अंबानी और उनका परिवार 9.55 लाख करोड़ रुपए (105 अरब डालर) की संपत्ति के साथ इंडिया रिच लिस्ट-2025 में फिर से पहले स्थान पर काबिज हुए हैं, वहीं गौतम अडानी (63 वर्ष ) और उनका परिवार 8.15 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इस बार इतिहास रचते हुए रोशनी नादर मल्होत्रा (44 वर्ष) ने पहली बार टॉप-3 में जगह बनाई है। 2.84 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ वह भारत की सबसे अमीर महिला बनीं और टॉप-10 में सबसे युवा सदस्य भी रहीं। चेन्नई के अरविंद श्रीनिवास (31 वर्ष), जो एआई स्टार्टअप परप्लैक्सिटी के संस्थापक हैं, 21,190 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ सबसे युवा अरबपति बने।नीरज बजाज (70 वर्ष) और उनके परिवार ने अपनी संपत्ति 43 प्रतिशत बढ़ाकर 2.33 लाख करोड़ रुपए कर ली और सूची में छठे स्थान पर पहुंचे। बालीवुड के बादशाह शाहरुख खान (59 वर्ष) पहली बार अरबपतियों की सूची में शामिल हुए हैं। उनकी संपत्ति 12,490 करोड़ रुपए आंकी गई। पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा (46 वर्ष) फिर से अरबपति बने हैं। कैवल्य वोहरा (22 वर्ष) जेप्टो के सह-संस्थापक (5.9 अरब डालर) वैल्यू वाली कंपनी में सबसे युवा हैं, जिन्होंने इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई और इनके साथी आदित पालीचा दूसरे युवा अरबपति हैं, जिन्होंने सूची में जगह बनाई। लिस्ट के अनुसार अब भारत में 358 अरबपति हैं, जो जीडीपी के लगभग आधे हिस्से के बराबर संपत्ति रखते हैं। कुल मिलाकर, एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 यह दिखाती है कि भारत न केवल पारंपरिक उद्योगों बल्कि स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी और बायोटेक में भी तेजी से वैश्विक स्तर पर संपत्ति सृजित कर रहा है। दुनिया के कैनवास पर भारत के अमीरों की संख्या नए भारत की उड़ान गाथा लिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *