CM सुक्खू ने मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों को दिखाई हरी झंडी, विपक्ष पर साधा निशाना

Spread the love

शिमला,सुरेन्द्र राणा:मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को छह मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पुलिस विभाग को समर्पित किया। लगभग 65 लाख रुपये कीमत वाले ये अत्याधुनिक वाहन डायरेक्टोरेट ऑफ़ फॉरेंसिक सर्विस के तहत काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीक वाले ये वाहन जांच प्रक्रिया को तेज़ और सटीक बनाएंगे।

इस दौरान उन्होंने अपने निजी लंदन दौरे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब भी दिया। सुक्खू ने कहा कि वे अपनी बेटी के एडमिशन के लिए लंदन गए थे और इस यात्रा पर एक भी सरकारी पैसा खर्च नहीं हुआ। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के विदेशी दौरे को लेकर हो रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि जिस अधिसूचना का हवाला दिया जा रहा है, उस पर किसी अधिकारी के हस्ताक्षर तक नहीं थे। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनकी अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी या मंत्री विदेश यात्रा पर नहीं जा सकता।

वहीं सीमेंट की बढ़ी कीमतों पर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सीमेंट पर कोई टैक्स नहीं लगाया, बल्कि GST लागू होने से सबसे ज़्यादा नुकसान हिमाचल जैसे छोटे राज्यों को हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज हिमाचल को अब तक क्यों नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगले चार से पांच महीने तक पर्यटन विकास निगम और परिवहन निगम के कर्मचारियों को वेतन मिलने में देरी हो सकती है। हालांकि, सरकार पेंशन और वेतन समय पर देने के लिए प्रयासरत है और आपदा प्रभावितों तक मदद पहुंचाना भी जारी है। उन्होंने इसके लिए पिछली भाजपा सरकार की नीतियों को ज़िम्मेदार ठहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *