राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन 2025 सम्पन्न, रचनात्मक पत्रकारिता से ही बदलेगा समाज

Spread the love

राजस्थान, आबूरोड, सुरेंद्र राणा। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मीडिया विंग की ओर से शांतिवन मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन-2025 का मंगलवार को सफल समापन हुआ। पांच दिवसीय यह सम्मेलन 26 से 30 सितम्बर तक चला, जिसमें देशभर से आए वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों और संचार जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।सम्मेलन का मुख्य विषय “मीडिया की भूमिका : शांति, एकता और विश्वास के संवर्धन में” रखा गया। विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने कहा कि आज मीडिया केवल सूचना देने का साधन नहीं रहा, बल्कि समाज को नई दिशा देने और सकारात्मक सोच पैदा करने की सबसे बड़ी शक्ति बन चुका है। इसलिए पत्रकारिता को सत्य, निष्पक्षता और रचनात्मकता पर आधारित होना चाहिए।सम्मेलन में वक्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि विश्व की मौजूदा परिस्थितियों में बदलाव की जिम्मेदारी हम सभी की है और यह परिवर्तन स्वयं से शुरू होता है।

ऐसे में मीडिया का कर्तव्य है कि वह समाज में फैली नकारात्मकता और फर्जी खबरों से लोगों को बचाते हुए उन्हें सच्चाई और आशावाद से जोड़ने का कार्य करे। सम्मेलन में डिजिटल और सोशल मीडिया पर बढ़ती अफवाहों पर चिंता व्यक्त की गई और पत्रकारों से आह्वान किया गया कि वे इस चुनौती से निपटने में सक्रिय भूमिका निभाएं।पांच दिनों तक चले इस सम्मेलन में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सामाजिक समरसता और मानवता जैसे विषयों को समाचारों में प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शांति और सकारात्मकता को बढ़ावा देने वाली पत्रकारिता ही समाज में विश्वास और एकता का वातावरण तैयार कर सकती है।समापन अवसर पर यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि यदि मीडिया अपनी शक्ति को सही दिशा में प्रयोग करे तो वह समाज में शांति, एकता और विश्वास की नई धारा प्रवाहित कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *