मोहाली, सुरेन्द्र राणा। पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए वेव एस्टेट क्रिकेट टीम और कैनवास समिति ने संयुक्त रूप से बड़ा मानवीय कदम उठाया है। दोनों संस्थाओं ने निवासियों और देश-विदेश से जुड़े सहयोगियों के साथ मिलकर राशन, मेडिकल किट्स, धनराशि और 41 फ्रिज सहित बड़ी मात्रा में आवश्यक सामग्री एकत्र की। शनिवार को दो ट्रकों में भरी यह राहत सामग्री अरदास के साथ रवाना की गई।इस सेवा कार्य में वेव एस्टेट क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों, समाज के सम्मानित निवासियों और कैनवास समिति के सदस्यों ने मिलकर सक्रिय भूमिका निभाई।
खासतौर पर कैनवास समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई मेडिकल किट्स और आवश्यक वस्तुएँ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीमारी के बढ़ते खतरे को देखते हुए अत्यंत सहायक होंगी।रविवार सुबह क्रिकेट टीम के कुछ सदस्य और अन्य निवासी भी हरिके पत्तन पहुँचेंगे, जहाँ वे ट्रकों से मिलकर सामग्री सीधे प्रभावित परिवारों को वितरित करेंगे। टीम यह भी सुनिश्चित करेगी कि खरीदे गए फ्रिज और अन्य वस्तुएँ सही मायनों में उन परिवारों तक पहुँचें, जिनके घर-आँगन बाढ़ की मार से उजड़ गए।निवासियों ने इस पहल को मानवता की सच्ची सेवा बताया और टीम को ढेरों शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने अपील की कि राहत कार्य में शामिल लोग स्वास्थ्य संबंधी सावधानियाँ बरतें और सुरक्षित लौटें।
