बाढ़ से अब तक 52 की मौत, पंजाब में पिछले 24 घंटों में स्थिति बिगड़ी, 33 और गांव प्रभावित

Spread the love

पंजाब, सुरेन्द्र राणा; पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने आज बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ी है। इससे 33 और गांव तथा 133 और लोग प्रभावित हुए हैं और 6988 हेक्टेयर फसलों का नुकसान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही राज्य के 22 जिलों में प्रभावित गांवों की कुल संख्या 2097 हो गई है और प्रभावित आबादी 388092 तक पहुंच गई है। राजस्व मंत्री ने बताया कि पिछले 24 घंटों में लुधियाना में एक और व्यक्ति की मृत्यु हुई है। इससे 15 जिलों में मौतों की कुल संख्या 52 हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि पठानकोट में तीन व्यक्ति अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए मुंडियां ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 191 और लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकाला गयाए जिससे अब तक बचाए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 23206 हो गई है।

उन्होंने कहा कि सबसे अधिक 5581 लोगों को गुरदासपुर में सुरक्षित निकाला गया है। जबकि फाजि़ल्का में 4254, फिरोज़पुर में 4012, अमृतसर में 3260, होशियारपुर में 1616, कपूरथला में 1428, पठानकोट में 1139, बरनाला में 738, जालंधर में 511 और तरन तारन जि़ले में 21 व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सेना के लगभग 30 हेलीकॉप्टर बचाव कार्यों में मदद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *