नाहन के मेडिकल कालेज में 21 इंटर्न डाक्टरों से छेड़छाड़, सिक्योरिटी गार्ड पर आरोप, FIR दर्ज

Spread the love

सिरमौर, नाहन:सिरमौर जिला के नाहन स्थित प्रदेश के सरकारी क्षेत्र के तीसरे सबसे बड़े मेडिकल कालेज में 21 इंटर्न चिकित्सकों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। डा. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कालेज एवं अस्पताल की 21 इंटर्न चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज के ही एक सिक्योरिटी गार्ड पर छेडख़ानी का मामला दर्ज करवाया है। हैरानी की बात तो यह है कि एक ही सुरक्षा कर्मी के खिलाफ सभी इंटर्न ने एफआईआर दर्ज करवाई है। कालेज प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मेडिकल कालेज की सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी को मामला जांच के लिए सौंप दिया है। फिलहाल कालेज की जांच कमेटी सभी शिकायतकर्ताओं के बयान कलमबद्ध कर रही है। साथ ही पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मेडिकल कालेज नाहन के एक इंटर्न द्वारा मेडिकल कालेज के सिक्योरिटी गार्ड पर छेडख़ानी करने की बात अपने सह-इंटर्न के साथ साझा की गई, जिसके बाद एक साथ 21 इंटर्न ने संबंधित सुरक्षा कर्मी पर छेडख़ानी की बात कही तथा कहा कि उक्त सुरक्षा कर्मी उनके साथ नियमित रूप से छेडख़ानी लंबे समय से कर रहा था।

इसके बाद सभी 21 इंटर्न ने संयुक्त रूप से मेडिकल कालेज प्रशासन व पुलिस में मामला दर्ज करवाने का निर्णय लिया।मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे कालेज में गठित सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी को सौंप दिया। अधिकांश शिकायतकर्ता इंटर्न पीजी में रहते हैं। फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि मेडिकल कालेज के सुरक्षा कर्मी द्वारा इन सभी इंटर्न के साथ कहां पर छेडख़ानी की जाती थी। कालेज प्रबंधन की ओर से मामला पुलिस चौकी गुन्नूघाट नाहन में दर्ज करवाया गया है तथा पुलिस की टीम शिकायतकर्ता इंटर्न के बयान कलमबद्ध कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा गुरुवार को न्यायालय में इंटर्न के बयान कलमबद्ध करवाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *