शिमला जिला में दो घर आये भूस्खलन की चपेट में बाप बेटी समेत तीन की मौत, भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

Spread the love

हिमाचल में बारिश का कहर, शिमला जिला में तीन लोगों की मौत, आज कई जिलों में अलर्ट

शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश जनजीवन पर कहर बरपा रही है। जगह-जगह भूस्खलन और मकानों के जमींदोज होने से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है।

शिमला के जुन्गा में एक मकान मलबे में दब जाने से वीरेंद्र कुमार (35) और उनकी 10 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। हादसे में उनके पालतू मवेशी भी दब गए। गनीमत रही कि उस वक्त पत्नी घर से बाहर थी, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं, कोटखाई में भूस्खलन से एक घर ढह गया और मलबे में दबने से 70 वर्षीय कलावती की मौत हो गई। शिमला के लोअर खलीनी में भी भूस्खलन हुआ, हालांकि यहां कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

रोहड़ू के दयार मोली गांव में रात को भूस्खलन के बाद कई घरों पर खतरा मंडराने लगा। प्रशासन ने एहतियातन 4 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया।

इसी बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना, मंडी और सिरमौर जिलों में रेड अलर्ट, जबकि चंबा, कुल्लू और शिमला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

भारी बारिश के चलते शिमला, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, मंडी, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और कुल्लू (बंजार, मनाली व कुल्लू उपमंडल) के सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत 4 नेशनल हाईवे और 800 से ज्यादा सड़कें मलबा आने से बंद हो गई हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *