शिमला, सुरेन्द्र राणा;हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। सदन ने सर्वसम्मति से राज्य के पहले मुख्यमंत्री और हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को भारत रत्न देने का संकल्प पारित किया।
यह संकल्प नाहन के विधायक अजय सोलंकी द्वारा सदन में प्रस्तुत किया गया, जिसका समर्थन सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने एकमत से किया। अब यह संकल्प केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
नाहन से विधायक अजय सोलंकी ने सदन में कहा कि डॉ. परमार सिर्फ हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि राज्य के निर्माता हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और विजन की बदौलत ही आज हिमाचल विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार को भारत सरकार द्वारा भारत रत्न सम्मान दिए जाने की मांग पूरे हिमाचल की जनता की भावनाओं को अभिव्यक्त करती है।
