जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बादल फटा, चार लोगों की मौत और छह घायल

Spread the love

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के एक सुदूर गांव में बादल फटा है। बादल फटने से चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, कठुआ के सोफेन में गुज्जरों की बस्ती पर पहाड़ गिर गया। इसमें चार घर दब गए। 80 फीसदी रोड बह गया है। रात करीब 2 से 3 बजे की यह घटना है। कठुआ में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो रही है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात राजबाग के जोड़घाटी गांव में बादल फटने से गांव तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की एक संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ मिलकर काम शुरू कर दिया।अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि छह अन्य को घायल अवस्था में बचाया गया है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि कठुआ थाना क्षेत्र के बागड़ और चांगडा गांवों और लखनपुर थाना इलाके के दिलवान-हुतली में भी भूस्खलन हुआ, लेकिन किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण अधिकांश जलाशयों का जलस्तर तेज़ी से बढ़ गया है और उझ नदी ख़तरे के निशान के पास बह रही है। ज़िला प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है और लोगों से उनकी सुरक्षा के लिए जलाशयों से दूर रहने का अनुरोध किया है। जानकारी के मुताबिक, कठुआ जिले में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। कई सड़क संपर्क टूट गए हैं और सभी नदी-नालों में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। कठुआ शहर जलमग्न हो गया, जिससे लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। शहर के बीच से गुजरने वाली खड्ड के ओवरफ्लो होने से हालात बिगड़ गए और कई लोगों ने नर्सिंग होम में शरण ली। वहीं जोड़, डिलवां और जंगलोट सहित कई इलाकों में भारी नुकसान की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *