शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में रविवार से मॉनसून एक सप्ताह के लिए धीमा पडऩे वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में साफ है कि अगले एक सप्ताह तक कुछ क्षेत्रों में ही बारिश होगी, लेकिन अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहने वाला है। इन स्थानों के लिए कोई अलर्ट नहीं है। 16 अगस्त को चंबा और कांगड़ा में कुछ स्थानों पर बारिश का येलो अलर्ट है, जहां पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा दूसरे इलाकों में कहीं पर भी बारिश नहीं होने की संभावना है। वहां के लिए कोई अलर्ट नहीं है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर व लाहौल स्पीति में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 17 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, सोलन, किन्नौर व लाहौल स्पीति में मौसम साफ रहेगा जबकि सिरमौर, शिमला, मंडी, कांगड़ा व चंबा में भारी बारिश का यलो अलर्ट दिया गया है।कांगड़ा में येलो अलर्ट18 अगस्त को प्रदेश में केवल एक जिला कांगड़ा में भारी बारिश का यलो अलर्ट है, जबकि शेष पूरे प्रदेश में इस दिन बारिश नहीं होने की संभावना है। इसी तरह से 19 अगस्त को भी केवल मंडी व कांगड़ा में यलो अलर्ट रहेगा और शेष पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। 20 अगस्त को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा जिसमें किसी भी तरह की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में अब मॉनसून धीमा पड़ जाएगा जिससे हिमाचल प्रदेश को राहत मिल जाएगी। 21 व 22 अगस्त को भी कहीं के लिए कोई चेतावनी नहीं है।यहां हुई ज्यादा बारिशपिछले 24 घंटे की बात करें तो श्रीनयनादेवी जी में 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है वहीं संधोल में 8, पालमपुर में 10, मंडी में 6, कोठी में 5, नालागढ़ में 3, गोहर में 3, भराड़ी में 3, जोगिन्द्रनगर में 3, धर्मशाला में 3, करसेाग में 3, सराहन में 3, बिलासपुर सदर में 3, नाहन में 3, पांवटा में 2, छतराड़ी में दो, सुजानपुर में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इनके अलावा भी कुछ स्थानों पर हलकी बारिश हुई है।
