शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी बारिश से कई क्षेत्रों में भूस्खलन व पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। सैकड़ों सड़कें बाधित हैं। कई इलाकों में बिजली व पेयजल आपूर्ति ठप है। राज्य में मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक तीन नेशनल हाईवे सहित 398 सड़कें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त 669 बिजली ट्रांसफार्मर व 529 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 213 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 84 सड़कें व 367 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हैं। चंबा में चलती बस पर पहाड़ी से पत्थर गिर गए। इससे दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि 40 के करीब सवारियां लेकर निजी बस चांजू से भंजराड़ू के लिए निकली थी। चांजू से तीन किमी सफर तय करने के बाद बस चूरसेऊ के समीप पहुंची। इस दौरान अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थर बस की छत को तोड़कर अंदर आ गिरे। इससे दो यात्री घायल हो गए। बस में पत्थर गिरने सवारियों में चीख-पुकार मच गई। चालक-परिचालक ने बस को सड़क के किनारे रोक कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहन के जरिये पीएचसी बघेईगढ़ ले जाया गया। जहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार देखकर छुट्टी कर दे दी ।
राजधानी शिमला में देर रात से जारी भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। शहर के विकास नगर में पेड़ गिरने से एक भवन की छत टूट गई और सड़क भी बंद हो गई है। इसके अलावा टुटीकंडी में भी एक साथ आधा दर्जन से ज्यादा पेड़ गिरने से कई गाड़ियां चकनाचूर हो गईं। यहां सड़क भी बंद है। खालीनी में ढारा ढहने से 6 मजदूर बाल-बाल बच गए। तड़के सुबह करीब 4:00 बजे यह घटना हुई। शहर के विकासनगर की हिमुडा काॅलोनी में भी कार पर भूस्खलन हुआ है। साथ ही पेड़ भी ढह गया।
