शिमला, सुरेन्द्र राणा:रक्षाबंधन के दिन लापता हुए शिमला के BCS स्कूल में पढ़ने वाले तीन स्कूली छात्रों को पुलिस ने महज़ 24 घंटे में ढूंढ निकाला और सुरक्षित स्कूल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि आरोपी की पहचान सुमित सूद के रूप में हुई है, जो खुद कभी BCS का छात्र रह चुका है। व्यापार में भारी घाटे और वित्तीय संकट के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, तीनों छात्र आउटिंग के लिए स्कूल से निकले थे। इसी दौरान आरोपी ने लिफ्ट देने के बहाने उन्हें अपनी कार में बिठाया और ऑकलैंड छोड़ने का झांसा दिया, लेकिन संजौली के बाद कोटखाई की ओर ले गया। रास्ते में आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर बच्चों को धमकाया और उन्हें अपने कोटखाई स्थित घर ले गया। घटना के समय आरोपी के परिवार के लोग शिमला में थे।पुलिस ने आरोपी के पास से एक लाइसेंसी पिस्टल, धारदार हथियार, रस्सी और टेप बरामद की। यह पिस्टल आरोपी के पिता के नाम पर रजिस्टर्ड है। बच्चों को घर ले जाने के बाद आरोपी ने अभिभावकों से फिरौती की मांग भी की। SP ने बताया कि आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वह पिछले कई दिनों से स्कूल के आसपास रेकी कर रहा था। पुलिस जवानों की मुस्तैदी और तेज कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर केस सॉल्व कर लिया गया और तीनों छात्रों को सुरक्षित उनके स्कूल पहुंचा दिया गया।
