चमियाणा में आज से रोबोटिक सर्जरी, सीएम सुक्खू करेंगे उद्घाटन, दो मरीजों के होंगे ऑपरेशन

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: अटल इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा में सोमवार को रोबोटिक सर्जरी यूनिट का उद्घाटन किया जाएगा। इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाक्टर कर्नल धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन के दिन ही प्रोस्टेट सर्जरी और किडनी ट्यूमर से पीडि़त मरीजों की रोबोटिक तकनीक से सर्जरी की जाएगी। यह पहली बार होगा, जब राज्य के किसी सरकारी अस्पताल में इस आधुनिक तकनीक की मदद से ऑपरेशन किया जाएगा। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. सुधीर शर्मा ने बताया कि अस्पताल में सोमवार को रोबोटिक सर्जरी का उद्घाटन और ऑपरेशन होंगे। इसमें किडनी ट्यूमर और प्रोस्टेट सर्जरी की जाएगी।

चमियाणा अस्पातल में 50 स्टाफ नर्सों के पद भरे जाने हैं। अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा ये पद भरे जा रहे हैं। स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन के अंतर्गत की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन ने इलेक्ट्रॉनिक्स डिपार्टमेंट को रिक्वायरमेंट भेज दी है। जल्द ही अस्पताल को स्टाफ नर्स मिलने की उम्मीद है।

चमियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। अब यहां पर कार्डियोलॉजी हृदय रोग और सीटीवीएस कार्डियोथोरेसिक एंड वेस्कुलर सर्जरी विभागों को इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज व अस्पताल से शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस स्थानांतरण की मंजूरी हाई कोर्ट से मिल चुकी है। चमियाणा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुधीर शर्मा ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अभी स्थानांतरण में थोड़ी देरी हो रही है। जैसे ही मौसम साफ होगा, आईजीएमसी से कार्डियोलॉजी और सीटीवीएस विभागों को चमियाणा अस्पताल में पूरी तरह से स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *