मौसम विभाग के यलो अलर्ट के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। शिमला, मंडी और कांगड़ा में शनिवार को भी झमाझम बादल बरसे हैं। मंडी जिले के सरौर में पांगणा खड्ड पार करते एक व्यक्ति पानी के तेज बहाव में बह गया। सरौर खड्ड के पंप हाउस से व्यक्ति का शव मिला। सुंदरनगर के पुंघ में शुक्रवार देर रात हुई जोरदार बारिश से पेट्रोल पंप ध्वस्त हो गया। समय रहते कर्मचारी हटा लिए गए थे।
बारिश-भूस्खलन के चलते प्रदेश में अभी भी आनी-कुल्लू हाईवे समेत 362 सड़कें बंद हैं। शिमला-कालका एनएच रातभर रहा अवरुद्ध रहा, जबकि चंडीगढ़-मनाली हाईवे शनिवार को 18 घंटे बाद बहाल हुआ। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 11 से 14 अगस्त तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
