शिमला, सुरेन्द्र राणा: सडक़ दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वालों को जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार सम्मानित करेगी। मददगार लोगों को प्रशासन राहवीर योजना के तहत 25 हजार रुपए इनाम देगा। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बताया कि केंद्र सरकार की राहवीर योजना के तहत सडक़ हादसों में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार नागरिकों को अब सरकार द्वारा 25 हजार की राशि दी जाएगी। योजना में विशेष रूप से उन लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जो दुर्घटना के गोल्डन ऑवर (पहले एक घंटे) के भीतर पीडि़त को अस्पताल तक पहुंचाएंगे। उपायुक्त जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने पुलिस विभाग को ऐसे मददगार नागरिकों की पहचान करने के निर्देश दिए जिन्होंने गत दिनों सडक़ दुर्घटनाओं में घायलों की मदद की हो। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों से भी ऐसे नागरिकों की सूचना जिला प्रशासन को देने का आग्रह किया ताकि लोगों को इस योजना की जानकारी मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि सडक़ सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 28 जुलाई को बचत भवन में किया जाएगा जिसमे सभी हितधारक शामिल होंगे। जिला स्तरीय कार्यशाला के पश्चात उपमंडल स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। सडक़ पर जो भी अतिक्रमण है उसे तुरंत हटवाया जाए ताकि किसी भी प्रकार की संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
