शिमला, सुरेंद्र राणा: पेंशनर कल्याण संगठन कोटखाई इकाई की कार्यकारिणी बैठक आज होटल होराइजन भूई में संगठन के अध्यक्ष दिलीप जस्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान हेल्प एज इंडिया की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पेंशनरों को साइबर ठगी से सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग हेतु प्रशिक्षित करना था।
बैठक में 10 मई 2025 को सम्पन्न हुए जिला शिमला नगर इकाई के चुनावों पर भी चर्चा की गई। कोटखाई इकाई द्वारा सभी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को हार्दिक बधाई दी गई। साथ ही, दिलीप जस्टा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नामित करने के लिए शिमला इकाई का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कोटखाई क्षेत्र में पेंशनर कल्याण संगठन की एकमात्र संवैधानिक रूप से गठित इकाई मौजूद है, और किसी भी समानांतर संगठन का गठन असंवैधानिक माना जाएगा। कोटखाई इकाई के अंतर्गत सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी एकजुट हैं और संगठनात्मक रूप से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।इस अवसर पर पेंशनर कल्याण संगठन कोटखाई ने सरकार से अपील की कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित वित्तीय मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए ताकि पेंशनर सम्मानजनक जीवन जी सकें।
