राज्यपाल करेंगे शिमला ग्रीष्मोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में 01 जून से शुरू हो रहे शिमला ग्रीष्मोत्सव-2025 का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे। ग्रीष्मोत्सव की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन सायं 8 बजे किया जाएगा। यह जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने शुक्रवार को दी।

स्थानीय प्रतिभाओं के साथ मंच साझा करेंगी राष्ट्रीय कलाकार

ग्रीष्मोत्सव के पहले दिन शिमला के विभिन्न स्कूलों के छात्र एवं स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। सांस्कृतिक संध्या की मुख्य आकर्षण रहेंगी प्रसिद्ध पार्श्व गायिका निधि रस्तोगी, जिनकी प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कलाकारों की भी प्रस्तुति

प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NZCC) पटियाला से जुड़े तीन राज्यों — हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक दल भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। ये दल पारंपरिक लोकनृत्य और संगीत के माध्यम से अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करेंगे।

नशा मुक्ति और बेटी बचाओ थीम पर आधारित होगा आयोजन

इस वर्ष ग्रीष्मोत्सव को “ड्राइव अगेंस्ट ड्रग्स” और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की थीम पर केंद्रित किया गया है। इसी क्रम में 01 जून को दोपहर 4 बजे पुलिस रिपोर्टिंग रूम के सामने महानाटी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनता और कलाकार बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

5 जून तक चलेगा उत्सव

शिमला ग्रीष्मोत्सव 01 जून से 05 जून, 2025 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, थीम-आधारित गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *