कल शिमला के पीटर हॉफ में होगी ‘जय हिंद सभा’, कांग्रेस ऑपरेशन सिंदूर के शौर्य को करेगी नमन, बीजेपी का सेना के शौर्य पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा:ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस देशभर में जय हिंद सभा का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव और हिमाचल कांग्रेस के सह-प्रभारी चेतन चौहान ने शिमला में प्रेस वार्ता की। चेतन चौहान ने बताया कि 30 मई को शिमला के पीटरहॉफ में जय हिंद सभा का आयोजन किया जाएगा। यह सभा ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित की जा रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर ऑपरेशन सिंदूर को राजनीतिक रंग देने और इसे वोट बटोरने का माध्यम बनाने का आरोप लगाया।

एआईसीसी सचिव चेतन चौहान ने कहा कि 1971 में हुए शिमला समझौते में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में पाकिस्तान को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया गया था। ऐसे में शिमला में होने वाला जय हिंद सभा का आयोजन ऐतिहासिक और विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा इस अभियान को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के एक भाजपा नेता द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर भाजपा आज तक चुप है और कोई कार्रवाई नहीं हुई है। चेतन चौहान ने हालिया सीजफायर के मुद्दे पर केंद्र सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किन बिंदुओं पर सीजफायर हुआ, यह देश को जानने का हक है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इस सीजफायर में अमेरिकी राष्ट्रपति की कोई भूमिका रही है। चेतन चौहान ने पूछा कि पहलगाम घटना को अंजाम देने वाले आतंकियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। क्या प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की यह जिम्मेदारी नहीं बनती कि वे देश को जवाब दें। उन्होंने शशि थरूर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह उनकी व्यक्तिगत राय है।

इस दौरान हिमाचल कांग्रेस के सह-प्रभारी विदित चौधरी ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब युद्ध जैसे हालात बने थे, तब राहुल गांधी ने सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया था। युद्ध और सीजफायर को लेकर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक सरकार ने चुप्पी साध रखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उस बयान पर भी आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने कहा था कि “मेरी रगों में सिंदूर दौड़ता है।” विदित चौधरी ने कहा कि यह भाषा प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देती। अब भाजपा घर-घर सिंदूर देने की बात कर रही है, जो महिलाओं के सम्मान के साथ सीधा खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि जय हिंद सभा के साथ-साथ पीटरहॉफ में पूर्व सैनिकों के सम्मान का विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *