पंजाब दस्तक, सुरेन्द्र राणा: पंजाब के जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा के घर और अन्य ठिकानों पर विजिलेंस कि रेड हुई है। यह एक्शन आप सरकार द्वारा अपने ही विधायक के खिलाफ लिया गया है। रेड के बाद विजीलेंस की टीम विधायक अरोड़ा को गिरफ्तार कर अपने साथ गाड़ी में बिठाकर ले गई। विजिलेंस टीम ने बीते दिन सुबह 845 पर विधायक के अशोक नगर स्थित घर पर रेड की। जिसके बाद सुबह से लेकर 4 बजे तक उनसे पूछताछ की गई और लगभग 4 बजे विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों के अनुसार विधायक के पर्सनल असिस्टेंट को भी टीम ने हिरासत में लिया है।
विधायक पर आरोप है कि जालंधर नगर निगम के जरिए उन्होंने लोगों को नोटिस भिजवाए। फिर रुपए लेकर नोटिसों को रफा दफा करा दिया। इस मामले में विधायक पर एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। वहीं सबंधित एरिया के एचएचओ ने जानकारी देते हुए कहा कि विजिलेंस की रेड पड़ी है हम यहाँ पर सुरक्षा के लिए तैनात हैं। गिरफ्तारी के सवाल पर उन्होने हां में जवाब दिया और कहा कि विधायक को टीम गिरफ्तार कर यहाँ से ले गई है।इससे आगे हम कुछ नहीं कह सकते।
जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कड़े शब्दों में कहा है कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे वह कोई भी हो चाहे वह किसी भी पद पर हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक बार फिर आम जनता को पता चल गया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि भ्रष्टाचार कौन कर रहा है चाहे वह अपना हो या पराया अगर कोई भ्रष्टाचार करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ है।
