शिमला, सुरेंद्र राणा: पांच मई से हिमाचल प्रवास पर आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा स्थगित हो गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से हिमाचल सरकार को इसकी जानकारी दे दी गई है। उनके दौरे को लेकर अब बाद में नया शेड्यूल तय किया जाएगा। हालांकि उनके दौरे को लेकर दोपहर में मुख्यमंत्री ने इसका संकेत दिया था। उधर, स्थानीय प्रशासन ने यहां उनके आगमन की तैयारियां शुरू कर दी थीं। अब अचानक ही राष्ट्रपति का शिमला का प्रस्तावित दौरा टल गया है। माना जा रहा है कि देश में उपजे हालात की वजह से यह दौरा रद्द हुआ है। अभी आगामी कार्यक्रम के बारे कुछ भी बताया नहीं गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच मई को आ रही थीं। आठ मई तक उनका शिमला में ही रहने का प्रोग्राम था।इस दौरान उनके विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम भी शेड्यूल कर दिए गए थे। शिमला दौरे के दौरान उनका अटल टनल मनाली, आरट्रैक शिमला और आईआईटी मंडी का भी दौरा प्रस्तावित था।
कुछ दिन पहले सुरक्षा को लेकर एसपीजी की टीम भी शिमला का दौरा करके गई थी। अधिकारियों के साथ एसपीजी की एक अहम बैठक भी हुई थी। इसमें उन्होंने सुरक्षा इंतजाम को पुख्ता करने की दिशा निर्देश भी दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर बैठकों का दौर शुरू कर दिया था, लेकिन अब अचानक ही उनका शिमला का दौरा स्थगित हो गया है। फिलहाल यहां राष्ट्रपति आवास को आमजन के लिए बंद रखा गया है।
