शहीद को श्रद्धांजलि, समाज के लिए संकल्प पूर्व बीजेपी MLA ने सीएम से मिलकर रखी ये मांगे
हमीरपुर, सुरेंद्र राणा: माँ भारती की रक्षा करते हुए जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में वीरगति को प्राप्त हुए हमीरपुर जिले की गलोड़ तहसील (गांव कोहलवीं) के वीर सपूत JCO कुलदीप चंद को सादर नमन। उनका शौर्य, त्याग और राष्ट्रप्रेम हर भारतीय के हृदय में अमिट रहेगा। यह बात हमीरपुर के बड़सर के पूर्व MLA बलदेव शर्मा ने कही।
उन्होंने कहा कि शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर कर दो महत्त्वपूर्ण मांगे रखी गई है।
1. गाहलियां स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला का नाम शहीद JCO कुलदीप चंद के सम्मान में रखा जाए और इसे माध्यमिक पाठशाला को उच्च विद्यालय में उन्नत किया जाए।
2. गाहलियां में उनके नाम से एक आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.) की स्थापना हो, जिससे आसपास की 10 से अधिक ग्राम पंचायतों के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने इस जनहित कार्य को शीघ्रता व प्राथमिकता से करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास शहीद कुलदीप चंद के पावन बलिदान के समक्ष भले ही छोटा हो, लेकिन उनके शौर्य और समर्पण को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान में उठाया गया हर कदम, राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक पवित्र संकल्प है।
