शिमला, सुरेंद्र राणा: दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार में सोमवार सुबह एक बोलेरो कैंपर खाई में गिर गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और 24 लोग घायल हुए हैं। गाड़ी ओवरलोड थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को फौरी राहत दी गई है। जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब दस बजे हुआ। बोलेरो कैंपर एचपी 10ए 6385 डोडरा से क्वार की ओर जा रही थी। इसी बीच गोसांगो के पास खाई में जा गिरी।गाड़ी में कुल 25 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य किया गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संदासु पहुंचाया गया है। हादसे में 17 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। इनका उपचार क्वार अस्पताल में चल रहा है।
मृतक महिला की पहचान डोडरा की 35 वर्षीय शाना देवी पत्नी कमाल चंद के रूप में हुई है। प्रशासन ने मृतक महिला के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत और गंभीर रूप से घायलों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत दे दी है। नायब तहसीलदार क्वार प्रताप ने बताया कि मृतक के परिजनों व घायलों को फौरी राहत दे दी गई है। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि गाड़ी ओवर लोडिड थी। हादसे में एक महिला की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।
+ There are no comments
Add yours