शिमला, सुरेन्द्र राणा: प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पर आरोप लगाया है कि बिलासपुर में स्थापित एम्स को उन्होंने भ्रष्टाचार व लूटपाट का अड्डा बना दिया है। बिलासपुर में एम्स कांग्रेस सरकार के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. डाक्टर मनमोहन सिंह की देन है और तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने बिलासपुर में जमीन देकर इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया था। रामलाल ठाकुर व पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सदन के बाहर और अंदर नड्डा के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए कांग्रेस पर ऊलजलूल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर नड्डा के इतिहास पर गौर करें तो वह भ्रष्टाचार से भरा रहा है।
रामलाल ठाकुर ने एम्स में हो रहे कथित भ्रष्टाचार को लेकर कहा कि एम्स बिलासपुर में बहुत बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार चला हुआ है। उन्होंने कहा कि इसकी सुरक्षा दीवार का 19 करोड़ का टेंडर, पेयजल आपूर्ति कोल डैम से 47 करोड़ का प्रोजेक्ट दिल्ली में बैठकर बाहरी लोगों को दिया गया है। उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों को ठेके देकर प्रदेश के ठेकेदारों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।बाहरी लोगों को रोजगार क्योंरामलाल ठाकुर ने कहा कि यहां सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्ड व अन्य स्टाफ की भर्तियों में भी प्रदेश के बाहरी लोगों को लगाया जा रहा है। नड्डा बताएं कि एम्स के निर्माण में टेंडर बाहरी लोगों को कैसे दिए जा रहे हैं और इसमें की जा रही नियुक्तियां दिल्ली में कौन कर रहा है।
