बजट सत्र कल से भाजपा आज, तो कांग्रेस कल बनाएगी रणनीति

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा: प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र 28 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 16 बैठकें रखी गई हैं। बजट सत्र के आयोजन से पहले इसकी कम बैठकों को लेकर राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने सत्र को छोटा किए जाने पर तलखी दिखाई है और सरकार की घेराबंदी इसी मुद्दे से शुरू कर दी है।

इस पूरे सत्र के दौरान दोनों तरफ से वार-पलटवार होंगे और इसकी रणनीति बनाने के लिए आज रविवार को भाजपा विधायक दल ने अपनी बैठक बुलाई है, तो वहीं सोमवार को सुबह कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। रविवार से ही शिमला में दोनों दलों के विधायक जुटने शुरू हो जाएंगे।

विधानसभा सत्र की कम बैठकों को लेकर विपक्ष ने निशाना साधना शुरू कर दिया है। इनकी मांग रहेगी कि सत्र की बैठकों को बढ़ाया जाएगा।साल में कुल 35 बैठकें करनी होती हैं और खुद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि पूरे साल में वह इन बैठकों का आयोजन करेंगे, फिर चाहे वो मानसून सेशन में की जाएं या फिर विंटर सेशन में। भाजपा विधायक शिमला के ध्रूव होटल में शाम सात बजे अपनी बैठक करेंगे और विधायक वहां उन मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनको लेकर वह सदन में हंगामा कर सकते हैं। यहां प्रदेश में रोजगार को लेकर जहां सवाल दागे जाएंगे वहीं संस्थानों के बंद करने, भ्रष्टाचार के मामलों, बढ़ते चिट्टे के प्रचलन, कर्मचारियों के वेतन, सेवानिवृत कर्मियों की पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, हिमकेयर, खाली पड़े पदों, स्कूलों के समायोजन, सडक़ों की हालत, विकास के रुके कार्यों, सरकारी योजनाओं का पैसा वेतन अदायगी पर खर्च करने, रेलवे की हिस्सेदारी का पैसा निकालने, ठेकेदारों की पेमेंट जैसे कई सारे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश यहां पर की जाएगी। दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक दल की बैठक सोमवार को सुबह 11 बजे पीटरहॉफ में बुलाई गई है। मुख्यमंत्री सुक्खू इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यहां विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर चर्चा की जाएगी।

रविवार दोपहर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने सर्वदलीय बैठक बुला रखी है। विपक्ष इस बैठक में जाएगा या नहीं इसे लेकर अभी तक सस्पेंस हैं। बता दें कि इससे पहले योजना की बैठकों का भी विपक्ष ने बहिष्कार किया था, परंतु यह बैठक विधानसभा अध्यक्ष ने बुलाई है लिहाजा इसपर विधायकों के साथ विपक्ष के नेता चर्चा करने के बाद निर्णय लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *