श्रीश्री 1008 सुग्रीवानंद जी महाराज नहीं रहे, पीजीआई में इलाज के दौरान तोड़ा दम, प्रदेश में शोक की लहर

Spread the love

ऊना: उत्तर भारत के प्रसिद्ध डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम नारी, ऊना के अधिष्ठाता परम पूज्य श्री श्री 1008 वेदांताचार्य,विद्यालंकार, स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज के ब्रह्मलीन होने से संपूर्ण ऊना जिला समेत पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। वे 98 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। रविवार सुबह पीजीआई में उनका देहावसान हो गया। उनकी पार्थिव देह को दोपहर बाद आश्रम स्थल लाया गया। दोपहर बाद उनकी पार्थिव देह डेरे में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखी गई, जहां विधायक सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा, राकेश कलिया, राज्य एससी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह समेत विभिन्न अधिकारियों व श्रद्धालुओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राजनेताओं ने जताया शोक

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने शोक संदेश में लिखा,ऊना जिला के डेरा बाबा रुद्रानंद जी के प्रमुख गुरु, श्री श्री 1008 सुग्रीवानंद जी महाराज के ब्रह्मलीन होने का समाचार अत्यंत दुखद है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहाकि उत्तर भारत के प्रसिद्ध डेरा बाबा रुद्रानंद जी आश्रम के अधिष्ठाता, चारों वेदों के ज्ञाता परम पूज्य श्री श्री 1008 वेदान्ताचार्य स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज का देहावासन अध्यात्मिक जगत के साथ सम्पूर्ण विश्व के लिए अपूरणीय क्षति है। उधर, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर,विधायक सतपाल सिंह सत्ती,पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक देवेंद्र भुटटों, पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर,चैतन्य शर्मा,बलबीर चौधरी, ओपी रत्न, विजय जोशी, प्रो.रामकुमार सहित अन्य नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।आज लक्ष्मी नारायण सभागार में अंतिम दर्शन कर सकेंगे भक्तडेरे के सचिव प्रवीण शर्मा ने बताया कि परम पूज्य स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए सोमवार, सुबह 11 बजे तक आश्रम में लक्ष्मी नारायण सभागार में रखी जाएगी, जहां सभी श्रद्धालु उनके पावन दर्शन कर सकते हैं। इसके पश्चात महाराज जी के प्रधान शिष्य एवं उत्तराधिकारी आचार्य हेमानंद जी द्वारा दोपहर 12 बजे महाराज जी की पार्थिव देह को पंचतत्व में विलीन करने की विधियां प्रारंभ की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *