बिहार में बताई हिमाचल विधानसभा की उपलब्धियां,सात राज्यों के अध्ययन प्रवास पर निधि लेखा समिति

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति सभापति संजय रतन ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष के साथ संवाद के दौरान कहा कि विधानसभा में पिछले सत्र से शून्यकाल भी आरंभ किया गया है। इससे सदस्यों को जनहित में जरूरी सूचनाओं की जानकारी हासिल करने में सहायता मिलेगी। संजय रतन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पास शिमला व तपोवन (धर्मशाला) में दो विधानसभा भवन हैं, जहां पर विधानसभा सत्रों का आयोजन किया जाता है। संजय रतन ने कहा कि बजट सत्र तथा मानसून सत्र शिमला विधानसभा भवन तथा शीतकालीन सत्र तपोवन (धर्मशाला) विधानसभा भवन में आयोजित किया जाता है। समिति अपने दौरे को आगे बढ़ाते हुए रविवार को पश्चिम बंगाल राज्य पहुंच गई है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति आजकल सात राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल, मेघालय, असम, ओडिशा, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश राज्यों के अध्ययन प्रवास पर है। समिति सभापति संजय रतन की अध्यक्षता में 20 फरवरी को शिमला से रवाना हुई और पहली मार्च तक इन राज्यों के अध्ययन प्रवास पर रहेगी। समिति इस दौरान कई रमणीय स्थलों का दौरा भी करेगी।

समिति में माननीय सदस्य कुलदीप सिंह राठौर, प्रकाश राणा, विवेक शर्मा, लोकेंद्र कुमार और सुदर्शन सिंह शामिल हैं। समिति के साथ उपसचिव विधान सभा राकेश ठाकुर भी समिति के कार्य की देख-रेख में गए हैं।

समिति शनिवार को बिहार विधानसभा पहुंची तथा बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव के साथ उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर पिछले महीने बिहार विधान सभा में आयोजित पीठासीन अधिकारी सम्मेलन के सफल आयोजन पर चर्चा की, जिसमें हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी भाग लिया था। नंद किशोर यादव माननीय सदस्यों को बिहार विधान सभा सदन भी ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *