परिवार के साथ विदेश रवाना हुए सीएम सुक्खू, 23 फरवरी को लौटेंगे

Spread the love

शिमला, सुरेन्द्र राणा; मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली में राजनीतिक दौरा पूरा करने के बाद विदेश रवाना हो गए हैं। वह परिवार के साथ मालदीव भ्रमण पर गए हैं। यहां के पांच दिवसीय दौरे के बाद वह 23 फरवरी को हिमाचल लौटेंगे। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर भी उनके साथ हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इससे पहले दिल्ली में हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है।

इस दौरान संगठन और सरकार बनाने पर चर्चा की गई है। हिमाचल में भंग हो चुके कांग्रेस के संगठन के दोबारा गठन को लेकर चर्चा हुई है। इसके अलावा सरकार और विभागों में खाली पदों पर तैनाती का विषय भी इस बीच दोनों नेताओं के बीच चर्चा का विषय रहा है। गौरतलब है कि हिमाचल में कांग्रेस संगठन को भंग किया जा चुका है और बीते करीब तीन माह से दोबारा पदाधिकारियों की तैनाती नहीं हो पाई है। इसके अलावा राज्य सरकार में एक मंत्रिपद समेत मुख्य सचेतक और विभागों में टॉप के पद खाली हैं।प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह कांग्रेस के सत्ता में काबिज होने के बाद से लगातार संगठन के पदाधिकारियों को इन पदों पर तैनात करने की पैरवी करती रही हैं।

हिमाचल में छह सीपीएस के पदों से हटने के बाद से मंत्रिमंडल को पूरा करने और मुख्य सचेतक के पद को भरने को लेकर भी लगातार दबाव बन रहा है। फिलहाल, मुख्यमंत्री ने दिल्ली में डैमेज कंट्रोल किया है। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात के बाद संगठन के गठन का फैसला उन्हें करने की इजाजत दे दी है।

अब आगामी दिनों में रजनी पाटिल हिमाचल का दौरा करेंगी और उसके बाद संगठन के गठन पर फैसला होगा, जबकि मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों में तैनाती का फैसला भी आगामी दिनों में मुख्यमंत्री लेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के समक्ष भी कांग्रेस सरकार की राज्य में वित्तीय स्थिति, केंद्र से मदद न मिलना और आगामी बजट को लेकर अपना पक्ष रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *