शिमला, सुरेन्द्र राणा; शिमला पुलिस ने तहसील वेलफेयर ऑफिसर शिमला मुकुल चौहान को चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। मुकुल चौहान कुछ समय पहले ही कोटखाई से ट्रांसफर होकर शिमला आया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अधिकारी अपने माता-पिता के बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करता था। इस वजह से मुकुल के माता-पिता को भी पुलिस ने जांच में शामिल किया है।
बता दें कि, बीते दिनों शिमला पुलिस ने शाह गैंग का पर्दाफाश किया था। शाह गैंग के सरगना के बैंक खातों को जब खंगाला गया तो मुकुल चौहान के माता-पिता के खातों में ट्रांजेक्शन मिली। इस तरह तहसील वेलफेयर ऑफिसर पुलिस के रडार पर आया। वह शिमला के साथ लगते दूधली क्षेत्र का है।
पुलिस की अब तक की जांच के अनुसार, तहसील वेलफेयर ऑफिसर हेरोइन तस्कर विजय सोनी के साथ मिला हुआ था और तस्करी में शामिल युवाओं के खाने-पीने और रहने का इंतजाम करता था। हिमाचल सरकार अब आरोपी अधिकारी को सस्पेंड करने की तैयारी में है। इसके लिए पुलिस की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।मुकुल चौहान के अलावा पुलिस ने शाह गैंग के सदस्य अंकिता नेगी निवासी मल्याणा शिमला को भी गिरफ्तार किया है।
