शिमला, सुरेंद्र राणा: भाजपा विधायक विनोद कुमार का कांग्रेस पर पलटवारहिमाचल में कर्ज की बुनियाद कांग्रेस ने रखी भाजपा ने नहीं, महज दो साल में 30,000 करोड़ का कर्ज लेकिन विकास नहीं,पहली बार कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन में देरी आर्थिक संकट गहराया,बिजली सब्सिडी छोड़ने की बात करने वाली कांग्रेस 300 यूनिट फ्री बिजली का वादा निभाए,आपदा राहत राशि की बंदरबांट का आरोप जरूरतमंदों तक नहीं पहुंची मदद,डबल इंजन सरकार से विकास की रफ्तार तेज कांग्रेस के राज में ठप पड़े प्रोजेक्ट,हिमाचल प्रदेश की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी द्वारा पूर्व भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा विधायक विनोद कुमार ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब हिमाचल की जनता सच को समझ चुकी है।भाजपा विधायक ने कहा कि हिमाचल में कर्ज लेने की शुरुआत वीरभद्र सिंह की कांग्रेस सरकार के दौरान हुई थी। भाजपा सरकारों ने हमेशा योजनाबद्ध तरीके से कर्ज लिया और उसे प्रदेश के विकास कार्यों में लगाया। लेकिन मौजूदा कांग्रेस सरकार ने महज दो साल में 30,000 करोड़ का कर्ज लिया और इसके बदले प्रदेश को कुछ नहीं मिला। उन्होंने सवाल किया कि यह पैसा कहां गया। भाजपा विधायक ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिमाचल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन समय पर नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण दो महीने तक ट्रेजरी बंद करनी पड़ी, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। भाजपा विधायक ने कांग्रेस के बिजली सब्सिडी के मुद्दे पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देना शुरू किया था, जिसका जनता को लाभ मिला। लेकिन कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। अब कांग्रेस बिजली सब्सिडी छोड़ने की बात कर रही है, जबकि खुद किए गए वादे पूरे नहीं कर पा रही।
उन्होंने कहा कि जिस दिन कांग्रेस सरकार 300 यूनिट मुफ्त बिजली देना शुरू करेगी, उसी दिन भाजपा बिजली सब्सिडी छोड़ने के लिए तैयार है। भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि हिमाचल आपदा राहत के लिए केंद्र सरकार से मिली राशि का सही इस्तेमाल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने हिमाचल के लिए विशेष राहत राशि मंजूर की थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस राशि की बंदरबांट कर दी और जरूरतमंदों तक सहायता नहीं पहुंची।
भाजपा विधायक ने कहा कि हिमाचल को सही मायने में विकास की गति देने के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है। भाजपा सरकार के दौरान एम्स, मेडिकल कॉलेज, फोरलेन सड़कें और अन्य विकास परियोजनाएं शुरू हुईं और पूरी हुईं। शिमला-चंडीगढ़ फोरलेन, कीरतपुर-मनाली फोरलेन, धर्मशाला-शिमला हाईवे जैसी परियोजनाएं जयराम सरकार के दौरान तेजी से आगे बढ़ीं।
लेकिन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य ठप पड़ गए।भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि झूठे आंकड़े पेश करने से सच्चाई नहीं बदलेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस की नीतियों को अच्छी तरह समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी। अब देखना होगा कि कांग्रेस सरकार इन आरोपों का क्या जवाब देती है।
