हिमाचल प्रदेश में बरात लेकर पहुंचा दूल्हा, दुल्हन तो छोड़ो घर तक नहीं मिला; यहां का है मामला

Spread the love

ऊना: सज-धजकर और सेहरा बांधे दूल्हा बरातियों के साथ गाड़ी में दुल्हन के घर पहुंचा, लेकिन उसे न तो दुल्हन मिली और न ही दुल्हन का घर। हरोली क्षेत्र के सिंगा गांव में मंगलवार को एक युवक की शादी से जुड़ा बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है।

मंगलवार सुबह के समय कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के एक गांव से बराती गाड़ियों में सवार होकर सिंगा गांव पहुंचे।ग्रामीण फोटो देख बोले ये लड़की हमारे गांव की नहींसिंगा के ग्रामीण भी बरात आती देख सोच में पड़ गए। बरातियों ने ग्रामीणों से पूछा कि यहां शादी वाला घर कौन सा है।

लोगों ने कहा कि यहां तो कोई शादी नहीं है। यह सुनकर दूल्हा पक्ष के लोग विश्वास नहीं कर पाए। उन्होंने दुल्हन की फोटो दिखाई तो ग्रामीणों ने साफ कहा कि यह लड़की तो हमारे गांव की नहीं है। यह सुनकर सभी के होश उड़ गए।

इसी दौरान रिश्ता करवाने वाली महिला भी गाड़ी से उतरी और कहा कि शादी इसी गांव में है। उसने लड़के वालों को बताया कि गांव में एक मौत हो गई है। इसलिए टेंट कहीं और लगाया जाएगा। कहा कि मैं लड़की के घर जाकर पता करके आती हूं। यह बात बोलकर महिला अपने पति के साथ गाड़ी में सवार होकर वहां से चली गई। जब महिला नहीं आई तो ग्रामीणों के साथ बरातियों को भी शक हुआ।

मौके पर पुलिस भी पहुंची
महिला को फोन लगाया तो उसने कहा कि लड़की ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है और वह पंजाब के नवांशहर अस्पताल जा रही है। इस पर शक और गहरा गया। कुछ लोगों ने दूसरी गाड़ी में जाकर महिला को घेरा और वापस सिंगा गांव लेकर आए। इसके बाद बरातियों और रिश्ता करवाने वाली महिला का विवाद गहराता देख मौके पर पंचायत के प्रतिनिधि और पुलिसकर्मी भी पहुंचे।

थाना सदर नहीं पहुंचे दोनों पक्ष
बरातियों और महिला को पंचायत घर लेकर जाया गया। शाम चार बजे तक विवाद पंचायत घर में जारी रहा। पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे मामले को शांत किया और दोनों पक्षों से कहा कि मामला उनके अपने गांव का है। रिश्ता करवाने वाली महिला और बराती एक ही गांव से हैं। इसलिए अपनी शिकायत पुलिस थाना सदर में दर्ज करवाओ। शाम करीब पांच बजे दोनों पक्ष सिंगा से रवाना हो गए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *