कांग्रेस किसी की सगी नहीं, देश भर में झूठी गारंटियाँ देकर अपने ही वोटरों को ठगा : अनुराग सिंह ठाकुर

Spread the love

महाराष्ट्र: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के दृष्टिगत आज मुंबई में प्रेस वार्ता के माध्यम के हिमाचल में कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटियों व इनके आर्थिक कुप्रबंधन की पोल खोलते हुए महाराष्ट्र में कांग्रेस गठबंधन को “महा वसूली अघाड़ी” करार दिया व जनता से कांग्रेस गठबंधन के झूठे वादों पर भरोसा ना करते हुए फिर भाजपा के महायुति गठबंधन की सरकार बनाने की अपील की।

अनुराग सिंह ठाकुर के साथ केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी व श्रीमती शोभा करंदलाजे जी ने प्रेस वार्ता को संबोधित कर तेलंगाना व कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के कुशासन व झूठी गारण्टियों को मीडिया के समक्ष रखा।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सरकार के कुशासन, वादाख़िलाफ़ी, आर्थिक कुप्रबंधन व अजीबोग़रीब फ़ैसलों का पर्याय बन चुका है, इसके बावजूद कांग्रेस महाराष्ट्र में ये दुष्प्रचार कर रही है कि वो जनता से किए वादों पर खरी उतर रही है और हिमाचल में सुख की सरकार चल रही है। कांग्रेस सिरे की झूठी पार्टी है और इनके नेता बहुत ही बेशर्मी से देश भर में हिमाचल के आर्थिक हालातों व सरकारी कुप्रबंधन पर झूठ बोलते नहीं थकते। ये सरकार ना जनभावनाओं पर ना ही अपने वादों पर खरी उतर पाई, और तो और कांग्रेस सरकार कार्यप्रणाली से आज हिमाचल की चारों ओर जगहंसाई हो रही है। कांग्रेस पार्टी देश के हर राज्यों में अपने वोटरों को ठगने का, उनकी भावनाओं से खेलने का उन्हें छलने व ठगने का काम कर रही है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ हिमाचल में कांग्रेस ने सरकार बनाने से पहले 10 गारण्टियाँ दीं थीं, आज दो साल बीत गए मगर इनकी भी गारंटी पूरी नहीं हुई। हिमाचल की ही तरह महाराष्ट्र में ये “महा वसूली अघाड़ी” जनता को ठगने के लिए बड़े-बड़े झूठ बोल रहा है।
कांग्रेस राज में हिमाचल की हालत तो ये हो गई है कि आज मुफ़्त बिजली का वादा करके उसपे सेस, मुफ़्त पानी का वादा करके उसपे चार्ज और अब टॉयलेट की सीट पर टैक्स लगाकर वसूली सरकार ने हिमाचल की जनता को छलने का काम किया है। 2 साल पहले कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के समय प्रदेश की जनता से झूठे वादे और झूठी गारंटियाँ देकर सरकार बनाई थी। हिमाचल की माताएं बहनें अभी भी अपने ₹1500 प्रति महीने का इंतजार कर रही हैं। हिमाचल के किसान अभी तक दो रुपए प्रति किलो गोबर और ₹100 प्रति लीटर दूध खरीदे जाने का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल के युवा अपनी 5 लाख नौकरियां का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल के परिवार 300 यूनिट फ्री बिजली का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश का ये इंतज़ार तो ख़त्म नहीं हुआ उल्टा इन्होंने प्रदेश को भारी भरकम कर्ज के बोझ तले दबा दिया है”

श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “हिमाचल में कांग्रेस सरकार आर्थिक कुप्रबंधन के चलते आज प्रदेश 96 हज़ार करोड़ से ज़्यादा के कर्ज़े में डूब गया है। प्रदेश पर महंगाई का बोझ, इंडस्ट्री के साथ बेरुख़ी, कर्मचारियों को सैलरी-पेंशन के लिए तरसाना दिखाता है कि कांग्रेस से सरकार चलाई नहीं जा रही। कांग्रेस का हाथ प्रदेश की जनता के गिरेबान पर है। बिजली के दाम इन्होंने आते ही दो बार बढ़ा दिए,  पर्यावरण और दूध का सेस लगा दिया, उद्योगों पर भी सेस बढ़ाया गया है जिस से राज्य में उद्योग पलायन कर रहे हैं। कांग्रेस ने चुनावों से पहले बड़े बड़े वादे किए मगर चुनाव के बाद वादे पूरे करना तो दूर प्रदेश की माली हालत इतनी ख़राब कर दी कि यहाँ वेतन और पेंशन के लाले पड़ गये हैं”

श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “कांग्रेस जाति, धर्म, क्षेत्र व संप्रदाय के नाम पर वोट मांगती है। कांग्रेस ने विकास किया नहीं। विकास किया होता तो कांग्रेस राजस्थान, हरियाणा इत्यादि प्रदेशों में हार का सामना न करना पड़ता। सेफरन टैरेरिजम कांग्रेस की कल्पना थी। राहुल गांधी ने हिंदुओं को पूरी दुनिया में अपमानित करने का काम किया।जब भी हिंदुओं का अपमान होता है तो राहुल गांधी के होठ सिल जाते हैं”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *