पावर हाउस का निरीक्षण करने के बाद बोले सीएम; पंजाब ने 100 साल संचालन किया, अब छोटे भाई को परियोजना सौंप दें

Spread the love

मंडी, काजल:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला मंडी के जोगिंद्रनगर स्थित 110 मेगावाट क्षमता के ऐतिहासिक शानन पावर हाउस का दौरा किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टरबाइन, अल्टरनेटर, एक्साइटर, कंट्रोल रूम सहित पावर हाउस के विभिन्न सेक्शन का दौरा किया और अधिकारियों से यहां विद्युत उत्पादन से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बरोट से पावर हाउस तक पानी लाने के लिए उपयोग में लाई जा रही प्राचीन ट्रॉली का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करना उनके दौरे का उद्देश्य था। अभी इसका संचालन पंजाब सरकार के पास है।

उन्होंने कहा कि शानन परियोजना को लेकर पंजाब सरकार के साथ बातचीत चल रही है और इस बारे में पत्राचार भी किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पक्ष में इस परियोजना की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है। 100 वर्षों से पंजाब इसका संचालन कर रहा है, लेकिन इस पर हिमाचल का अधिकार बनता है। उन्होंने कहा कि पंजाब को अब इसे छोटे भाई हिमाचल को सौंप देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना पंजाब पुनर्गठन अधिनियम के तहत नहीं आती है। परियोजना को लेकर पंजाब सरकार की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में अपील दायर की गई है। उन्होंने कहा कि इस बारे में सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय सभी को मान्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *