मालभाड़े की मनमानी वसूली पर सेब उत्पादकों ने दी चेतावनी, इस दिन उतरेंगे सड़को पर

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल सेब उत्पादक संघ ने एलान किया है कि यदि सरकार सेब ढुलाई का मालभाड़ा, कानून के अनुसार तय नहीं करती है, तो सेब उत्पादक संघ मालभाड़ा तय करने की अपनी मांग को लेकर 18 जुलाई को ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेगा।

संघ के अध्यक्ष सोहन ठाकुर व सचिव पूर्ण ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार को हिमाचल सेब उत्पादक संघ की बैठक शिमला में हुई, जिसमें सेब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सेब की खेती पर निरंतर बढ़ते संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में सेब के उत्पादन व उत्पादकता में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है।

एक ओर खाद, कीटनाशक व अन्य लागत वस्तुओं की कीमतों व मालभाड़े में निरंतर वृद्धि हो रही है, दूसरी ओर सेब बागबानों को उचित कीमत नहीं मिल रही है।

उन्होंने कहा कि बैठक में प्रदेश भर में सेब व अन्य फलों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए ट्रक व पिकअप के द्वारा जो मालभाड़ा लिया जा रहा है, वह अलग अलग क्षेत्रों में अलग-अलग दरों पर लिया जा रहा है और कई स्थानों पर तो यह बहुत अधिक वसूला जा रहा है।

बागबान प्रदेश सरकार से बार बार मांग कर रहे है कि प्रदेश में सेब व अन्य फलों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए हिमाचल प्रदेश पैसेंजर्स एंड गुड्स टैक्सेशन कानून, 1955 के तहत प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर के हिसाब से तय किया जाए।

सेब उत्पादक संघ ने गत वर्ष भी इसको लेकर संघर्ष किया था। कुछ उपमंडलों में इसे अधिसूचित तो किया गया, परंतु इसे लागू नहीं किया गया था। अधिकांश उपमंडल स्तर पर तो इसकी अधिसूचना ही जारी नहीं की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *